मजदूर के खाते में आए 221 करोड़ 30 लाख इनकम टैक्स की नोटिस के बाद मजदूर सदमे में!


प्रखर बस्ती/ एजेंसी। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक मजदूर के खाते में 221 करोड़ से अधिक रुपए जमा हो गए, इसकी जानकारी मजदूर को तब हुई जब आयकर विभाग ने उसे नोटिस भेजा। दरअसल मामला बस्ती के लालगंज थाना क्षेत्र के बरतनिया गांव का है। जहां पर मजदूर के बैंक खाते में इतनी बड़ी रकम जमा हो गई, हैरानी की बात यह है कि इस बैंक खाते के बारे में मजदूर को जानकारी भी नहीं थी। कुछ दिन पहले रजिस्टर डाक से जब आयकर विभाग का नोटिस उसके घर पहुंचा तो मजदूर समेत पूरा परिवार सदमे में आ गया। प्रकरण की शिकायत लालगंज थाने में की गई। बरतनिया निवासी शिवप्रसाद निषाद दिल्ली में मजदूरी का कार्य करता है। आयकर का नोटिस पहुंचने की जानकारी के बाद वह घर लौटा तो इस नोटिस में उसके बैंक खाते में दो अरब 21 करोड़ 30 लाख 7 रुपए का जमा होने की जानकारी देते हुए, थाने में शिकायत की। निर्माण कार्य के तौर पर हुए भुगतान में 4 लाख 58 हजार 715 रुपए टीडीएस काटने की जानकारी भी नोटिस में थी। शिव प्रसाद को यह समझ नहीं आ रहा था कि आखिर उसके नाम से कौन सा करंट खाता है, जिसमें इतने रुपए जमा किए गए। मार्बल घिसाई का कार्य करने वाले शिवप्रसाद ने आशंका जताई है कि 2019 में इसका पैन कार्ड गुम हो गया था। इसी की मदद से जालसाजी कर उनके नाम से खाता खोला गया और इतनी रकम भेजी गई। इस बाबत लालगंज थाने पर संपर्क करने पर पता चला कि खाते की डिटेल निकाल कर प्रकरण की शिकायत उच्च अधिकारियों से की गई हैं।