विधायक का स्टिकर लगाकर फर्जीवाड़ा करने वाली वंदना गिरफ्तार

प्रखर अंबरनाथ/ डेस्क। अपनी गाड़ी पर विधायक का स्टिकर लगाकर फर्जीवाड़ा करने वाली महिला वंदना मिश्रा अब गिरफ्तार होकर सलाखों के पीछे है। बता दें कि अपनी गाड़ी पर विधायक का स्टीकर सटाकर लोगों के साथ ठगी करने के मामले में अंबरनाथ पुलिस ने मामला दर्ज किया था। जिसके बाद गिरफ्तारी हुई। महिला पर मुंबई समेत आसपास के क्षेत्र में धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। फर्जी महिला विधायक अपने दो सहयोगियों के साथ फर्जीवाड़ा करती थी। आखिरकार उसकी पोल खुली और अंबरनाथ पुलिस ने मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पुलिस ने विधायक का स्टीकर लगी गाड़ी को भी सीज कर दिया। वहीं लोगों का कहना है कि इतना बड़ा साहस करने वाली इस महिला के पीछे जरूर कोई बड़े लोग शामिल होंगे। जिसकी जांच पुलिस कर रही है। बताते चलें कि अय्यप्पा मंदिर के बगल में मोहन सबर्बिया इमारत के निवासी अनमोल कुमार व दीनानाथ सिंह द्वारा अंबरनाथ पश्चिम पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि वंदना संजय मिश्रा नामक महिला ने अपने आप को विधायक बताया। उसकी इनोवा गाड़ी पर भी विधायक का स्टीकर लगा हुआ था। फरवरी 2023 से जुलाई 2023 के दौरान उसने अभिषेक सिंह व फिरोज नामक दो लोगों को अपना पीए बताते हुए उनका विश्वास जीत और पिस्तौल व लाइसेंस दिलाने के नाम पर आरोपी वंदना मिश्रा ने अपने खाते में 5 लाख 20 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। काफी दिनों तक पिस्तौल व लाइसेंस नहीं मिलने पर अनमोल ने इस संबंध में आरोपी वंदना मिश्रा से पूछा तो इस पर वंदना मिश्रा नाराज होकर धमकी देने लगी और जब पैसे की मांग की तो उन्होंने कहा कि पैसा नहीं मिलेगा और आगे से मांगे तो तुम्हें कोई बचा नहीं पाएगा। धमकी सुनकर वे ठगे रह गए। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी वंदना मिश्रा को गिरफ्तार करते हुए इनोवा गाड़ी को भी चीज कर दिया। आरोपी वंदना मिश्रा के साथ अभिषेक सिंह व फिरोज को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और मामले की जांच कर रही है।