बदायूं में मऊ निवासी महिला जज द्वारा खुदकुशी मामले में पिता ने दर्ज कराई हत्या की रिपोर्ट

मेरी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती- मृतक महिला जज के पिता

प्रखर एजेंसी। बदायूं में शनिवार सुबह सरकारी आवास में सिविल जज जूनियर डिवीजन ज्योत्सना राय (29) का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस के मुताबिक जज के कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। हालांकि उनके पिता ने हत्या का आरोप लगाते हुए शहर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस गहनता से मामले की जांच में जुटी है। मूल रूप से मऊ निवासी महिला जज ज्योत्सना राय के पिता अशोक कुमार राय का कहना है कि उनके परिवार में कोई भी व्यक्ति इतना कमजोर नहीं है और न ही उनकी बेटी कमजोर थी। वह बहुत मजबूत थी और किसी भी कीमत पर वह आत्महत्या नहीं कर सकती, उसकी हत्या की गई है। अपर निदेशक अभियोजन के पद से सेवानिवृत्त अशोक कुमार राय शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे पत्नी के साथ बदायूं आए। वर्तमान में वह लखनऊ में रहते हैं। जैसे ही उन्हें जज बेटी के फंदे से लटके मिलने की सूचना मिली कि तो वह पत्नी के साथ खुद कार चलाकर लखनऊ से आ गए। कार में उनकी पत्नी बेहाल बैठी थीं। बिलखने पर अशोक कुमार उन्हें सांत्वना देते आए। जैसे ही उन्होंने अपनी कार को जजों के आवासीय परिसर में रोका, सबसे पहले एसएसपी के बारे में पूछा। उन्हें देखकर एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव उनके पास गए और घटना के बार में बताया। इसके बाद अशोक कुमार उन्हें लेकर ऊपर आवास में चले गए। वहां मौजूद अन्य लोग उनकी पत्नी को ऊपर लेकर गए। दोनों ने वह कमरा देखा, जहां ज्योत्सना का शव लटका मिला था। अशोक कुमार ने कहा कि उनकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती, उसकी हत्या हुई है। देर रात उन्होंने शहर कोतवाली में तहरीर दी। जिसमें आरोप लगाया कि अज्ञात व्यक्ति ने बेटी की हत्या की। इसके बाद शव को फंदे से लटका दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।