ससुराल में रह रहे दामाद की जलकर संदिग्ध मौत

प्रखर मऊ। जिले के मंडुसरा बुजुर्ग गांव में सोमवार दोपहर में एक मड़ई में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। मड़ई के अंदर सो रहे 46 वर्षीय व्यक्ति की झुलसकर मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक आजमगढ़ जिले का निवासी था। वह मंडुसरा बुजुर्ग गांव में अपने ससुराल में रहता था। आग किस वजह से लगी यह साफ नहीं है।जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के कनैला गांव निवासी मुन्ना पाल (46) पुत्र किशुन की शादी रानीपुर थाना क्षेत्र के मंडुसरा बुजुर्ग गांव निवासी सीमा के साथ करीब आठ साल पहले हुई थी। शादी के कुछ वर्ष बाद से मुन्ना अपने ससुराल रहने लगा था। सोमवार दोपहर घर पर केवल मुन्ना था। उसकी सास सुसरती देवी राशन लेने के लिए दुकान गई थी। जब वह लौटी तो देखा कि उनका दामाद बाहर से आया और घर के बाहर बनी एक मड़ई में चला गया। कुछ देर बाद उस मड़ई से धुंआ निकलते देखकर उसने शोर मचाया। आसपास के लोग जबतक मौके पर जुटते तब पूरी मड़ई आग में घिर चुकी थी। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। मुन्ना पाल गंभीर रूप से झुलसा था। आननफानन उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना के बाद रानीपुर एसओ प्रमोद कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। ग्रामीणों की माने तो मुन्ना और उसकी पत्नी सीमा में आए दिन विवाद होता रहता था। तीन दिन पहले ही ऐसे विवाद के बाद सीमा अपने किसी रिश्तेदार के यहां रहने चली गई थी। दोनों का कोई संतान नहीं है। घटना के बाद पूरे गांव में चर्चा होती रही कि अचानक मड़ई में आग कैसे लगी। यह हादसा है या खुदकुशी इसे लेकर गांव में चर्चाओं का बाजार गर्म है। एसओ प्रमोद सिंह का कहना है कि घटना की जांच में पुलिस टीम जुटी है।