ग़ाज़ीपुर- लम्बे समय से फरार चल रहे एक महिला सहित दो को पुलिस ने किया गिरफ्तार

प्रखर ब्यूरो गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह के निर्देशन में जिला पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इस दौरान आएदिन अपराधियों को गिरफ्तार कर रही है। इसी क्रम में शनिवार को बहरियाबाद पुलिस ने लम्बे समय से फरार चल रहे एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया और उनके पास से चोरी का जेवरात बरामद किया और अभियुक्तों का चालान कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बहरियाबाद थाना में तैनात उपनिरीक्षक अजय कुमार यादव क्षेत्र में शांति व्यवस्था के दृष्टिगत हमराहियों के साथ क्षेत्र में भ्रमणशील थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि लम्बे समय से फरार चल रहे दो अभियुक्त क्षेत्र के हुरमुजपुर हाल्ट के पास मौजूद है। इस सूचना पर तत्काल पुलिस मौके के लिए रवाना हो गई। पास पहुंचने पर वहां मौजूद महिला और पुरुष की जैसे ही पुलिस पर नजर पड़ी, वह भागने चाहे, लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उपनिरीक्षक ने बताया कि फंदे में आये अभियुक्तों में वार्ड नंबर-5 पटेल नगर विक्रमगंज थाना विक्रमगंज जिला रोहतास बिहारी निवासी विजय खरवार और रीता देवी शामिल है। इसके पास से चोरी का चांदी का दो पायल और चांदी का एक हसुली बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि इनके खिलाफ मुकदमा पंजीकृत था और लम्बे समय से तलाश की जा रही थी। अभियुक्तों का संबंधित धाराओं में चालान कर दिया गया है।