मयूर वनस्पति ग्रुप के ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी, 1 हजार करोड़ के टैक्स चोरी का आरोप

कानपुर समेत यूपी में करीब 20 जगहों पर आयकर विभाग ने की छापेमारी

मयूर ग्रुप की सबसे बड़ी फैक्ट्री रनियां में

प्रखर लखनऊ/एजेंसी। प्रदेश में आयकर विभाग ने बड़ी छापेमारी की है। कानपुर समेत कई यूपी में करीब 20 जगहों पर आयकर विभाग ने की छापेमारी। इस दौरान कानपुर की वनस्पति तेल कंपनी मयूर ग्रुप में आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को आयकर विभाग ने मयूर ग्रुप पर छापा मारा। इसके बाद कंपनी के सभी परिसर सील कर दिए गए । जानकारी के मुताबिक कंपनी पर करीब 1 हजार करोड़ की टैक्स चोरी का आरोप है। कानपुर के सिविल लाइन में मयूर ग्रुप की कोठी है। जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह आयकर विभाग ने मयूर ग्रुप की कोठी पर छापा मारा। सुबह के वक्त पूरा परिवार कोठी में मौजूद था। छापेमारी के दौरान कंपनी के दोनों डायरेक्टर इसी कोठी में मौजूद थे। मयूर ग्रुप वनस्पति तेल, फूड आइटम्स और पैकेजिंग का काम करते है। मयूर ग्रुप की सबसे बड़ी फैक्ट्री कानपुर देहात के रनियां में स्थित है। मयूर ग्रुप ने रनियां में फैक्ट्री के आसपास भी 1000 एकड़ से ज्यादा जमीनों की खरीद फरोख्त की है। वहीं आयकर विभाग ने बताया कि कंपनी में बड़े पैमाने पर आयकर चोरी की जा रही थी। आयकर विभाग ने बताया करीब 1 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की आयकर चोरी का मामला सामने आया है। अधिकारियों ने मयूर ग्रुप के पुराने दस्तावेजों को खंगालना शुरू कर दिया हैं। आयकर विभाग ने रनियां स्थित फैक्ट्री में भी छापा मारा। इससे पहले भी मयूर ग्रुप पर आईडी की रेड पड चुकी है।