आम लोगों के लिए खुलते ही सुबह 3 बजे ही भारी संख्या में श्रीराम का दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु


प्रखर अयोध्या। अयोध्या में बने श्रीराम मंदिर के दरवाजे अब आम लोगों के लिए खुल गए हैं। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद बड़ी तादाद में देश भर से लोग अयोध्या पहुंच रहे हैं। सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही तस्वीरों में देखा जा सकता है कि आम लोगों की लंबी कतारें मंदिर के बाहर लगी हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस के जवानों को सुरक्षा व्यवस्था देखने के लिए तैनात किया गया है। दर्शन के लिए पहुंच रहे लोगों को सुरक्षा चेक-अप के बाद मंदिर में प्रवेश दिया जा रहा है। ऐसा माना जा रहा है कि आज कई मशहूर हस्तियां भी अयोध्या पहुंच सकती हैं। राम मंदिर के मुख्य द्वार के दृश्य भी सामने आए हैं जहां पूजा करने और दर्शन करने के लिए भक्त सुबह 3 बजे से ही बड़ी संख्या में जमा हो गए हैं।