भीषण ठंड का कहर जारी, वाराणसी का तापमान 5.2 पर पहुंचा!

प्रखर वाराणसी। वाराणसी में ठंड का कहर जारी है। सुबह से घना कोहरा छाया रहा। वहीं गलन भी बरकरार रही। कोहरा छाने की वजह से सबसे अधिक परेशानी जीटी रोड सहित अन्य रोडो पर चलने वालों को हुई। गाड़ियां रेंगती हुई नजर आई। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि इस सप्ताह दिन में मौसम साफ होने और घने कोहरे के आसार हैं। तापमान में उतार-चढ़ाव की संभावना है। सुबह मौसम साफ रहा। दोपहर में धूप भी हुई लेकिन हवा में नमी बने रहने से गलन से राहत नहीं मिली। यहीं कारण रहा कि न्यूनतम तापमान भी 24 घंटे में तीन डिग्री सेल्सियस कम होकर 5.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। पिछले 15 दिन में ऐसा तीसरी बार हुआ है जब न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस से नीचे आया है। रात में कोहरा इतना घना छा गया कि राह चलना मुश्किल हो गया। शाम 7 बजे के बाद से ही शहरी और ग्रामीण इलाकों में कोहरा पड़ना शुरू हो गया था। रात करीब 11 बजे शहर के अधिकांश इलाकों में दृश्यता भी 15 से 20 मीटर तक ही रही। सोमवार को अधिकतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस रहा।