ग़ाज़ीपुर- चोरी करने की नीयत से घर मे घुसा और कर दिया महिला के साथ दुष्कर्म, गिरफ्तार

प्रखर ब्यूरो गाजीपुर। खानपुर थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले घर में सोई महिला के साथ हुए दुष्कर्म के आरोपी को शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आफिस में आयोजित प्रेसवार्ता में पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह ने अभियुक्त को मीडिया से मुखातिब कराया। उन्होंने बताया कि अभियुक्त चोरी की नियत से मकान में दाखिल हुआ था। घर में सोई महिला पर नियत खराब होने पर उसे डरा-धमकाकर दुष्कर्म कर फरार हो गया था।
एसपी ने बताया कि बीते 19 मार्च की रात खानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में स्थित घर में अकेली सोई महिला के साथ एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा दुष्कर्म की घटना हुई थी। पीड़िता की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में शुक्रवार को थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र बहादुर सिंह को सूचना मिली कि मुकदमा से संबंधित अभियुक्त कही भागने की फिराक में घर से निकलकर सिधौना बाजार की तरफ जा रहा है। इस सूचना पर तत्काल एसओ पुलिस कर्मियों के साथ मौके के लिए रवाना हो गए। सिधौना चौराहा पर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कप्तान ने बताया कि पूछताछ में खानपुर थाना क्षेत्र के अमेहता निवासी अभियुक्त अनिल यादव ने बताया कि 19 मार्च की रात में अपने घर से बाइक से कोड़री सेमरा में एक व्यक्ति के घर में टीवी व रेड मर्करी चुराने की नीयत से घुसा था। घर की सभी लाइटें जल रही तथा एक महिला अकेली सोई हुई थी। महिला को देखकर मेरी नियत खराब हो गई था। उसने लोहे की सरिया से महिला को डरा-धमकाकर उसकी मर्जी के बिना उसके साथ दुष्कर्म किया और उक्त महिला का मोबाइल नंबर लेकर चला गया। एसपी ने बताया कि अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की सरिया तथा अभियुक्त का मोबाइल और कपड़ा बरामद किया गया।
अभियुक्त की गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष के साथ उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल कमलेश सिंह, कां. श्रवण कुमार, कां. आकाश सिंह, कां. कुंजबिहारी गौड़ और महिला आरक्षी रोली सिंह शामिल रहे।