प्रखर ब्यूरो गाजीपुर। दुल्लहपुर बाजार में शुक्रवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक व्यक्ति के घरेलू गैस सिलेंडर का रेगुलेटर बदलते समय जल रहे चूल्हें की चिंगारी से आग लग गई। परिवार के लोग जान बचाकर घर से बाहर भागे। लोगों ने किसी तरह जल रहे सिलेंडर को घर से बाहर निकालकर आग बुझाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुल्लहपुर बाजार निवासी त्रिभुवन चौहान आज सुबह करीब 8 बजे अपने घरेलू गैस सिलेंडर का रेगुलेटर बदल रहे थे। बगल में ही उनकी पुत्री बिंदू चूल्हें पर खाना बना रही थी। इसी दौरान जल रहे चूल्हें से निकली चिंगारी से सिलेंडर में आग लग गई और ऊंची लपटे उठने लगी और घर में आग लग गई। इससे परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। लोग किसी तरह से जान बचाकर बाहर भागे। जानकारी होते ही पास-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंच गए। एक घंटा बाद अजय बांस के सहारे जलते हुए सिलेंडर को घर के बाहर खेत में लाए। एक दुकान से अग्निशमन यंत्र लाकर आग को बुझाया। आग बुझाने में त्रिभुवन (45) झुलस गए। उन्हें धर्मागतपुर स्वास्थ्य पर ले जाया गया। पीड़ित ने बताया कि आग की इस घटना में करीब 10 हजार का गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया। जानकारी होने पर गैस सिलेंडर वितरक मनीष साहू मौके पर पहुंचा। पीड़ित से नुकसान की जानकारी ली। क्षतिपूर्ति का आश्वासन देने का आश्वासन दिया।