वाराणसी में लगातार बढ़ रहा गंगा का जलस्तर लंबी कतार के बाद छतों पर शवदाह आरती का स्थान भी बदला

प्रखर वाराणसी। पहाड़ों पर हो रही बरसात के कारण बनारस में गंगा अब चेतावनी बिंदु की ओर बढ़ने लगी है। जलस्तर बढ़ने से महाश्मशान मणिकर्णिका पर शवदाह के लिए आने वालों को आठ से नौ घंटे का इंतजार करना पड़ रहा है। मणिकर्णिका घाट पानी में डूबने के कारण अब छतों पर शवदाह शुरू हो चुका है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार गंगा का जलस्तर सोमवार रात 10 बजे 67.26 मीटर पहुंच गया। वहीं, गंगा घाटों के आरती स्थल भी बदल दिए गए हैं। सोमवार को महाश्मशान मणिकर्णिका घाट पूरी तरह से जलमग्न हो गया। गंगा के बढ़ाव के कारण शव यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। घंटों इंतजार के बाद शवदाह का नंबर मिल रहा है। 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में सात फुट से अधिक की बढ़ोत्तरी हुई है। गंगा में आई बाढ़ के कारण अब महाश्मशान में छतों पर अंतिम संस्कार किया जा रहा है। नीचे के सभी प्लेटफार्म और लकड़ियां डूब चुकी हैं। शवदाह के लिए यात्रियों को आठ से नौ घंटे का इंतजार करने के बाद नंबर मिल रहा है।