ग़ाज़ीपुर- खेत में अधेड़ का शव मिलने से क्षेत्र में फैली सनसनी

प्रखर ब्यूरो गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र के कुण्डेसर गांव के सिवान में एक खेत में गुरुवार की सुबह एक अधेड़ का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुंडेसर गांव के लोग सुबह खेत पर जा रहे थे। ग्रामीणों ने खेत के मेड पर गांव के ही रामविलास यादव (58) का शव देखा। लोगों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सीओ रविन्द्र कुमार वर्मा और थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुच गये। घटना की जानकारी होते ही वहां लोगों की भीड़ लग गई। शव मिलने की सूचना पर पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह भी घटनास्थल पर पहुँचे और घटना की जानकारी ली। परिजनों के अनुसार रामविलास रात को खाना खाने के बाद घर से निकले और वापस नहीं पहुंचे। सुबह उनका शव मेंड़ पर पड़ा मिला। उनके सिर में चोट है तथा उनकी नाक व कान से खून आया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।