वरुण गांधी नहीं लड़ेंगे लोकसभा चुनाव, अटकलो पर लगा विराम!


निर्दलीय या फिर सपा के टिकट पर लड़ने की चल रही थी अटकलें

अपनी मां के लिए चुनाव प्रचार करेंगे

प्रखर लखनऊ । पीलीभीत लोकसभा सीट से सांसद और भाजपा नेता वरुण गांधी को इस बार टिकट नहीं मिला था। इसके बाद अटकलें लगाई जा रही थीं कि वह निर्दलीय चुनाव लड़ सकते हैं। यह भी कहा जा रहा था कि वह सपा के टिकट पर चुनावी मैदान में उतर सकते हैं। लेकिन अब इसे लेकर स्थिति साफ हो गई है। वरुण ने इस बार चुनाव न लड़ने का फैसला किया है। रिपोर्ट के अनुसार वह अपनी मां मेनका गांधी के लिए चुनाव प्रचार करेंगे लेकिन खुद चुनाव नहीं लड़ेंगे।भाजपा ने पीलीभीत का टिकट कांग्रेस से आए जितिन प्रसाद को दिया है। बता दें कि यह सीट लंबे समय से गांधी परिवार से जुड़ी रही है। साल 1989 में मेनका गांधी ने पहली बार जनता दल के टिकट पर यहां जीत दर्ज की थी। इसके बाद 1991 में भाजपा के परशुराम गंगवार यहां सांसद बने. लेकिन 1996 में फिर मेनका ने जनता दल से ही जीत हासिल की थी। 1998 और 1999 में वह निर्दलीय चुनाव लड़कर जीती थीं। इसके बाद वह भाजपा में शामिल हो गई थीं। साल 2009 के चुनाव में मेनका ने वरुण के लिए यह सीट छोड़ दी थी।