ग़ाज़ीपुर- दो पक्षों में हुए जमकर मारपीट और गोलीबारी में करीब 2 दर्जन लोग हुए घायल, 2 की हालत नाजुक

प्रखर ब्यूरो सेवराई/ग़ाज़ीपुर। दिलदारनगर थाना क्षेत्र के महना गांव में दो पक्षों में हुए जमकर मारपीट और गोलीबारी में करीब 2 दर्जन लोग घायल हो गए, जिसमें 2 लोगों की हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महना गांव निवासी शाहजहां खान की कब्रिस्तान में भैंस चराने को लेकर अपने ही पड़ोसी जहांगीर से बहस हो गई। मामला इतना तूल पकड़ा की दोनों पक्षों के तरफ से लाठी-डंडे और ईंट पत्थर चलने लगे। आरोप है कि इसी बीच एक पक्ष ने अपनी लाइसेंसी बंदूक से विपक्षी दलों पर फायर झोंक दिया। एक के बाद एक हुए करीब 3 फायर में विपक्षी पक्ष के करीब 6 लोग घायल हो गए, जबकि लाठी डंडे से हुई मारपीट में करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। गोली के छर्रा लगने से घायल 6 लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा में भर्ती कराया गया। जहां से स्थिति नाजुक होने पर दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के आठ लोगों को गिरफ्तार करते हुए लाइसेंसी बंदूक को जप्त करने के साथ ही खोखा भी बरामद कर लिया है। सीओ जमानिया सुरेश शर्मा मौके का मुआयना करते हुए मामले की छानबीन में जुट गए हैं। पूरे घटनाक्रम में एक पक्ष से 13 तो दूसरे पक्ष से 11 लोग घायल हैं। एक पक्ष के जहांगीर ने 10 लोगों के खिलाफ भैंस चराने को लेकर हुई मारपीट की तहरीर दी है। जबकि दूसरे पक्ष ने थाने में अभी तहरीर नहीं दी है। पुलिस दोनों पक्षों के तरफ से मिले तहरीर के आधार पर कार्रवाई करते हुए मामले की छानबीन में जुट गई है।
इस बाबत क्षेत्राधिकारी जमानिया सुरेश शर्मा ने बताया कि दो पक्षों में हुई मारपीट में एक पक्ष द्वारा लाइसेंसी बंदूक से फायर किया गया है। दोनों पक्षों के 8 लोगों गिरफ्तार करते हुए लाइसेंसी बंदूक को जप्त कर लिया गया है और मामले की छानबीन की जा रही है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास जारी है।