ग़ाज़ीपुर- मनुष्य के जीवन का आधार पेड़-पौधे ही उसे प्रदान करते हैं, इसलिए पर्यावरण संरक्षण बहुत जरुरी- सिद्धार्थ राय

प्रखर ब्यूरो ग़ाज़ीपुर। वेलफेयर क्लब के तत्वाधान में “वेलफेयर मिशन ग्रीन वसुंधरा” अंतर्गत स्व० शेषनाथ पाण्डेय की पुण्य स्मृति में वृहद पौध रोपण कार्यक्रम आज 9 अगस्त दिन रविवार को छावनीलाइन स्थित एक स्कूल में आयोजित किया गया। सर्वप्रथम कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि पूर्व प्रतिनिधि रेल राज्य मंत्री सिद्धार्थ राय ने माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्जवलित तथा माल्यार्पण कर किया। मुख्य अतिथि का स्वागत क्लब के जनपद गवर्नर पवन पांडेय ने माल्यार्पण कर किया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि एवंम क्लब अध्यक्ष डा० शरद कुमार वर्मा ने क्लब के पदाधिकारियो तथा उपस्थित गणमान्य लोगो के साथ पौधरोपण किया तथा पर्यावरण को हरा-भरा करने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस दौरान कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिद्धार्थ राय ने अपने उद्बोधन में पर्यावरण प्रदुषण को विश्व का संकट बताते हुये कहा कि समस्त प्राणी अपने जीवन हेतु वनस्पति जगत पर आश्रित है। मनुष्य हवा में उपस्थित ऑक्सीजन को श्वास द्वारा ग्रहण करके जीवित रहता है। पेड़-पौधे ही प्रकाश-संश्लेषण की क्रिया में ऑक्सीजन छोड़ते हैं। इस तरह मनुष्य के जीवन का आधार पेड़-पौधे ही उसे प्रदान करते हैं। इसलिए पर्यावरण संरक्षण बहुत जरुरी है। उन्होंने बताया कि आज क्लब के इस पुनीत कार्यक्रम में उपस्थित होकर खुद को गौर्वान्तित महसूस कर रहा हूँ। इस दौरान उन्होंने क्लब के प्रयासों को अतुलनीय बताते हुए भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा क्लब के प्रति आभार व्यक्त किया। क्लब अध्यक्ष डा० वर्मा ने बताया कि प्राचीन काल से ही मानव और प्रकृति का घनिष्ठ सम्बन्ध रहा है। उनकी लकड़ियों और पत्तियों से अपने घर की छत बनाई। प्राचीन काल का साहित्य भी हमें ताड़-पत्रों पर सुरक्षित मिलता है। प्रकृति का सर्वश्रेष्ठ उपहार वन है। वनों की हरियाली के बिना मानव जीवन की कल्पना करना व्यर्थ है। जन्म से लेकर मृत्यु तक इन वनों की लकड़ी ही उसके काम आती है। इसलिए हम सभी का दायित्व है कि अपने जीवन में कम से कम 5 पौधे अवश्य लगाये। क्लब उपाध्यक्ष धीरेन्द्र त्रिपाठी तथा आय व्यय निरीक्षक डा० जीतेन्द्र कुमार ने संयुक्त रूप से मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह प्रदान किया। इस अवसर पर 15 सागौन, 7 नीम, 3 पीपल, 20 अमरुद तथा 10 कदम्ब के पौधे सहित लगभग 85 पौधों को रोपित किया गया तथा इसे बचाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का संचालन क्लब पी.आर.ओ अभिषेक प्रजापति ने किया।
इस अवसर पर क्लब उपाध्यक्ष धीरेन्द्र त्रिपाठी, सचिव अभिषेक सिंह, परीक्षा प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार, एड० चन्द्रिका प्रसाद, पवन कुमार पाण्डेय, डा० जितेन्द्र कुमार, रामकुमार विश्वकर्मा, ओमप्रकाश सिंह, अम्बरीश कुमार, अजय यादव, प्रमोद बिन्द, रामनाथ कुशवाहा, राहुल प्रताप मिश्र, गोपी सिंह कुशवाहा आदि उपस्थित रहे।