एटा में डेंगू हुआ जानलेवा 24 घंटे में 9 की मौत, हड़कंप

प्रखर एटा। जिले में बुखार का कहर जारी है। 24 घंटे के अंतराल में दो साल की एक बच्ची समेत नौ लोगों की मौत हो गई। मारहरा ब्लॉक क्षेत्र में पांच, जलेसर व निधौली कलां ब्लॉक क्षेत्र में दो-दो लोगों की जान गई है। मारहरा के गांव सिरसा बदन में बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। गांव में गुरुवार रात से शुक्रवार दोपहर तक चार व्यक्तियों की मौत हो गई। श्यामपाल पुत्र मान सिंह और निरंजन पुत्र किशनलाल  का इलाज चार दिन से निजी चिकित्सकों के यहां चल रहा था। जहां इनकी मौत हो गई। वहीं राजवती पत्नी हेम कुमार को गुरुवार को बुखार आया। परिजन कस्बे में एक क्लीनिक पर ले गए। हालत गंभीर होने पर परिजन कासगंज लेकर जा रहे थे, रास्ते में मौत हो गई। पार्वती पत्नी चंद्रपाल का इलाज पांच दिन से फरीदाबाद में चल रहा था। शुक्रवार को इनकी मृत्यु हो गई। मिरहची निवासी  मदनलाल की पुत्री नन्हीं (17) को कई दिन से बुखार आ रहा था। कस्बा में ही इलाज चल रहा था। गंभीर स्थिति में परिजन उसे एटा ले गए। जहां डेंगू की पुष्टि हुई। इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। निधौलीकलां के मोहल्ला छेती निवासी 16 वर्षीय ज्योति पुत्री रामेश्वर को कई दिन से बुखार आ रहा था। परिजन कस्बे में इलाज करा रहे थे। गुरुवार की रात उसकी मौत हो गई। इसी मोहल्ले का 14 वर्षीय गुफरान पुत्र गब्बर अली को तीन दिन पहले बुखार आया। परिजन अलीगढ़ के निजी अस्पताल में गए, जहां डेंगू की पुष्टि हुई। गुरुवार रात उसकी मौत हो गई। इसके अलावा जलेसर के मोहल्ला अग्रेयान में मोती मस्जिद के इमाम कारी मुजीब की दो वर्षीय पुत्री मलया को तीन दो दिन से बुखार आ रहा था। शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। क्षेत्र के गांव टिमरुआ निवासी राखी पुत्री कर्मवीर को दो दिन से बुखार आ रहा था। परिजन आगरा ले गए, जहां डेंगू की पुष्टि हुई। गुरुवार रात को उसकी मौत हो गई। चार में मिले डेंगू के लक्षण
गांव सिरसा बदन में तीन स्वास्थ्य टीमों ने पहुंचकर 72 मरीजों की जांच की गई। चार में डेंगू के लक्षण मिले। सभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। मलेरिया निरीक्षक लोकमन सिंह ने बताया गांव में प्रत्येक घर में कोई न कोई बुखार से पीड़ित है। एक दर्जन से अधिक लोग कासगंज व आगरा में इलाज करा रहे हैं। एक व्यक्ति की मौत लिवर खराब होने से हुई है। जबकि दूसरा व्यक्ति स्वस्थ था, सुबह के समय अचानक उसकी मौत हो गई। गांव में जांच के दौरान 18 घरों में फ्रिज व कूलर में लार्वा मिला। लार्वा नष्ट कराया और गांव में फॉगिंग सहित मच्छर रोधी दवा का छिड़काव कराया गया। सीएमओ डॉ. उमेश त्रिपाठी ने बताया कि डेंगू से किसी की मौत की सूचना नहीं है। सिरसा बदन में बीमारियों की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य टीम को भेजा गया। वहीं गांव में खुद जाकर लोगों से बात की। झोलाछाप से इलाज न लेने की बात कही है। सभी रोगियों की जांच कर दवा वितरित की गई है।