ग़ाज़ीपुर- लूर्दस कानवेंट बालिका इंटर कालेज में हर्षोउल्लास के साथ मनाया गया बालिका दिवस

प्रखर ब्यूरो गाजीपुर। लूर्दस कानवेंट बालिका इंटर कालेज में रविवार को बालिका दिवस उल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर कोविड नियमों का पालन करते हुए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता के साथ ही खेल-कूद का भी आयोजन किया गया। इस दौरान छात्राओं ने एक से बढ़कर एक गीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुति कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य माया सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर किया।
दीप प्रज्ज्वलन के बाद छात्राओं ने मुख्य अतिथि को बुके देकर सम्मानित किया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में छात्रों ने एक से बढ़कर एक ड्रेस का प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों का मन मोहा। इसके साथ ही मेंढक दौड़, संतुलन दौड़, रिले दौड़, लंगड़ी दौड़, सौ मीटर दौर, साइकिल जौड़ और कबड्डी में भी छात्राओं ने जोश-खरोश के साथ खेल प्रदर्शन किया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को प्रधानाचार्य ने सम्मानित किया। इस अवसर पर छात्राओं ने नारी के सशक्त रूपों का परिचय देते हुए सावित्री बाई फुले, फातिमा शेख जैसी महान नारियों के जीवन पर आधार नृत्य नाटिका प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों की खूब तालियां बटोरी। इस मौके पर मुख्य अतिथि माया सिंह ने कहा कि बेटियों के प्रति हमें अपनी मानसिकता बदलनी होगी। बेटियां घर व समाज का आईना होती हैं। हम सभी को मिलकर भ्रूण हत्या पर रोक लगानी होगी। बेटियों के बगैर समाज की कल्पना नहीं की जा सकती। बेटी बेटों से कम नहीं होतीं। सभी को अच्छी शिक्षा देकर बेटियों को आगे बढ़ाना चाहिए। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य सिस्टर अल्फोंसा ने मुख्य अतिथि माया सिंह को अंग वस्त्रम देकर सम्मानित करते हुए सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।