ग़ाज़ीपुर- तेज रफ्तार बोलेरो ने मारा बाइक को धक्का, बाइक सवार की मौत, एक महिला गम्भीर रूप से घायल

प्रखर ब्यूरो गाजीपुर। कासिमाबाद थाना क्षेत्र के पूर्वांचल सहकारी कताई मिल बड़ौरा के सामने कासिमाबाद- मऊ मार्ग पर रविवार की देर शाम एक तेज रफ्तार बोलेरो, बाइक सवार को धक्का मारते हुए अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। इस घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि बोलेरों में सवार एक महिला गंभीर रुप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बरेसर थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी योगेश गुप्ता (28) अपने परिवार के साथ बरेसर बाजार में रहता था। रविवार की शाम को वह अपने घर से मासूम बच्चे को देखने के लिए अपने ससुराल कासिमाबाद थाना क्षेत्र के सनेहुंआ गांव बाइक से जा रहा था। जानकारी के मुताबिक देर शाम वह कासिमाबाद- मऊ मार्ग पर स्थित पूर्वांचल सहकारी कताई मिल बड़ौरा पहुंचा ही था कि सामने से तेज रफ्तार आ रही बोलेरो से आमने सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार योगेश गुप्ता गंभीर रुप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। दुर्घटना के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने बोलेरो में बैठे लोगों को बाहर निकाला और पुलिस को घटना की सूचना दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने योगेश गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रुप से घायल बोलेरो में सवार नोनहरा थाना क्षेत्र के लावां गांव निवासी सोनी कश्यप (45) को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृत के शव को कब्जे में ले लिया। इस मामले में योगेश गुप्ता की पत्नी सुनैना गुप्ता की तहरीर पर अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस बोलेरो को थाने ले आई। इस संबंध में थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है।