बरेली के सपा मेयर प्रत्याशी ने वापस लिया पर्चा

प्रखर एजेंसी/ बरेली। नगर निकाय चुनाव में जी-जान लगाकर लड़ रही सपा के बरेली मेयर प्रत्याशी ने अपना पर्चा वापस ले लिया। बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के कहने पर बरेली सपा मेयर प्रत्याशी संजीव सक्सेना ने अपना नाम वापस ले लिया है। संजीव सक्सेना ने सपा समर्थित उम्मीदवार आईएस तोमर को चुनाव लड़ाने का ऐलान भी कर दिया। उन्होंने कहा कि गुरुवार की सुबह राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी का मेरे पास फोन आया, उन्होंने कहा कि आप अपना नाम वापस ले लीजिए ले। उनके आदेश को मैंने सबसे बड़ा माना और मैंने आज अपना पर्चा वापस ले लिया। मैं समाजवादी पार्टी का सच्चा सिपाही हूं, जो पार्टी कहेगी मैं उसे अंतिम निर्णय मानूंगा। इसके पहले सपा में कभी हां तो कभी ना का खेल चल रहा था। कुछ ही दिनों पूर्व पूर्व मेयर आईएस तोमर जहां चुनाव लड़ने से मना कर रहे थे। वही बाद में वह सपा के समर्थन से चुनावी दंगल में कूदने को तैयार भी हो गए। इधर सपा के सामने परेशानी यह थी कि पार्टी ने संजीव सक्सेना को सिंबल दे दिया था। जो नाम वापस लेने को तैयार नहीं थे। लेकिन काफी खींचातानी के बाद अखिलेश यादव के कहने पर संजीव सक्सेना ने अपना नाम वापस लिया। इस बाबत सपा के राष्ट्रीय सचिव वीरपाल सिंह का कहना था कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर पार्टी तोमर को ही चुनाव लगाएगी। दरअसल मेयर पद के लिए सपा की पहली पसंद पूर्व मेयर आईएस तोमर ही थे, लेकिन उन्होंने चुनाव लड़ने से मना कर दिया। इसको लेकर सपा ने संजीव सक्सेना को टिकट दे दिया। लेकिन बाद में तोमर ने अपना मन बदल कर नामांकन दाखिल कर दिया और मंगलवार को पर्चा पास होते ही सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर ली। उसी के बाद से सियासी दांवपेच शुरू हो गया था। एक तरफ तोमर चुनाव लड़ने के मूड में आ गए थे, तो दूसरी तरफ सपा के सिंबल पर संजीव सक्सेना ने पर्चा दाखिल कर दिया था। आखिरकार अखिलेश यादव के हस्तक्षेप के बाद संजीव सक्सेना ने अपना पर्चा वापस ले लिया।