ग़ाज़ीपुर- संपर्क मार्ग टूट जाने से लोगों को आवागमन में करना पड़ रहा दिक्कतों का सामना

प्रखर ब्यूरो सेवराई/ग़ाज़ीपुर। तहसील क्षेत्र के करहिया से बसुका, अठहथा, हसनपुरा के तरफ जाने वाली संपर्क मार्ग टूट जाने से लोगों को आवागमन करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। करहिया गांव के समीप ताड़ीघाट वारा मुख्य मार्ग से तहसील क्षेत्र के बसुका सहित कई गावो को जोड़ने वाला यह संपर्क मार्ग विगत कई वर्षों से जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण अपने अस्तित्व पर आंसू बहा रहा है। इस मार्ग से कई गांवों के लोगों का आवागमन होने के साथ-साथ क्षेत्रीय लोगों का किसानी भी इसी मार्ग के सहारे संपन्न होता है। लेकिन सड़क के जर्जर होने से जहां राहगीरों के गिरने का भय बना रहता है, वही किसानों का ट्रैक्टर कीचड़ में आए दिन फंसा रहता है। क्षेत्र के मनीष सिंह का कहना था की इस सड़क से कई गांव जुड़े हुए हैं और मरम्मत के अभाव में सड़क लगातार खराब होती जा रही है। अभिषेक का कहना था कि सड़क पर मिट्टी आ जाने से वाहन स्वामियों की सांस सांसत में पड़ी रहती है। रात के समय अंधेरे में दोपहिया सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। बृजेश सिंह का कहना था कि रात को गुजरते समय वाहन स्वामियों को हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं जो पानी भर जाने से खतरनाक हो गए हैं। इमरजेंसी में कोई भी वाहन सड़क पर आने को तैयार नहीं होता। रजत सिंह, ध्रुव सिंह आदि लोगो का कहना था कि इस मार्ग पर हमेशा वाहनों का दबाव बना रहता है। किसानों के ट्रैक्टर इस सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों में रोज फसते देखे जा सकते है। इस सड़क पर लोग जान को हथेली पर लेकर चलते हैं। दुपहिया सवार फिसलने के कारण आए दिन गिरकर घायल हो रहे हैं। इसकी शिकायत कई बार जनप्रतिनिधियों से किया गया लेकिन कोई भी इसकी सुध लेने को तैयार नहीं है।