ग़ाज़ीपुर- नवागत पुलिस कप्तान ने किया यूपी-बिहार बार्डर का निरीक्षण

प्रखर ब्यूरो गाजीपुर। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर बुधवार की देर शाम पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने यूपी-बिहार बार्डर का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि को रोकने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। इसके बाद बारा पुलिस चौकी और गहमर थाना का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को देखा।
पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह देर शाम यूपी-बिहार बार्डर गहमर स्थित कर्मनाशा नदी पुल पर पहुंचे। उन्होंने निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को देखा। संबंधित से सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में पूछताछ करते हुए किसी प्रकार की अवैध गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बार्डर पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जाए। इसके बाद एसपी बारा पुलिस चौकी पहुंचे। यहां पर साफ-सफाई के साथ ही अन्य व्यवस्थाओं को देखते हुए संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। गहमर थाना के निरीक्षण के दौरान पुलिस कप्तान ने महिला हेल्प डेस्क, थाना कार्यालय, हवालात, मालखाना, सीसीटीएनएस, मेस, बैरक आदि को देखा। जहां भी कमी मिली, संबंधित को उसे दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। थाना परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखने को कहा। इस दौरान उन्होंने थानाध्यक्ष को निर्देशित किया कि थाना में आने वाले फरियादियों की समस्याओं का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो। पीड़ितों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाएगा। महिलाओं और बुर्जुगों को प्राथमिकता दी जाए। एसपी के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मियों में अफरा-तफरी की स्थित बनी रही।