लगातार आठ बार से विधायक सतीश महाना हो सकते हैं विधानसभा स्पीकर!


प्रखर एजेंसी। कानपुर की विधानसभा महाराजपुर सीट से आठ बार के विधायक सतीश महाना विधानसभा अध्यक्ष बन सकते हैं बताया जा रहा है कि 28-29 मार्च को नवनिर्वाचित विधायकों के शपथ ग्रहण के बाद 30 मार्च को महाना को सर्वसम्मति से विधानसभा अध्यक्ष चुना जा सकता है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार महाना को स्पीकर बनाया जाना लगभग तय हो चुका है। जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी। महाना पांच बार कानपुर की कैंट सीट से विधायक निर्वाचित हो चुके हैं जबकि नए परिसीमन के बाद वह कानपुर की महराजपुर सीट से लगातार तीसरी बार विधायक निर्वाचित हुए हैं. उन्होंने समाजवादी पार्टी के फतेह बहादुर सिंह को कड़ी शिकस्त दी है। सतीश महाना 82,261 मतों से विजयी हुए हैं. बता दें, महाना 1991 से लगातार विधानसभा चुनाव जीत रहे हैं. 2022 के विधानसभा चुनाव में वह आठवीं बार विधायक बने हैं बतादे कि गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश का राजनीतिक इतिहास बदल दिया है। यूपी में 35 साल बाद किसी पार्टी को लगातार दूसरी बार बहुमत मिला है। इससे पहले शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने राजधानी लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में योगी आदित्यनाथ को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री नियुक्त करते हुए उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी थी।