ग़ाज़ीपुर- जलजमाव होने से आवागमन में बढ़ी परेशानी, लोगों में रोष

– राह में गंदे पानी से बीमारियों के डर से ग्रामीण भयभीत

प्रखर ब्यूरो ग़ाज़ीपुर। बाराचवर क्षेत्र में ग्रामीण सड़क झील में तब्दील हो जाती है। सड़क पर कीचड़ व जलजमाव से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। वही सड़क पर कीचड़ होने के कारण वाहन तो दूर लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल साबित होता जा रहा है। सड़क की नारकीय स्थिति के कारण स्थानीय लोगों में आक्रोश भी व्याप्त है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले एक वर्ष से सड़क की हालत दयनीय बनी हुई है। साल भर सड़क पर पानी का जमाव रहता है। ग्रामीणों ने कई बार समस्या की ओर विभागीय अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया है। कीचड़ से वाहन चालकों को दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के बांकी खुर्द गाँव में तालाब का गंदा पानी गाँव में घुसने से ग्रामीण बीमारी फैलने के डर से काफी भयभीत हैं। पन्ना देवी, दुखनी देवी, चुनरिया देवी, उर्मिला देवी और पुष्पा देवी का आरोप है कि गाँव के समीप एक पोखरी है। जिसे गाँव के कुछ दबंग किस्म के व्यक्तियों द्वारा उस पर कब्जा किया जा चुका है। तालाब पर कब्जा होने के कारण पोखरी का गंदा पानी गांव की गलियों के रास्ते लोगों के घरों में पहुंचने का जहाँ खतरा बना हुआ है। वही रास्तों पर पानी जमा होने से गंदगी फैल रही है। वही तमाम बीमारियों के फैलने का भी खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि जल जमाव की शिकायत ग्राम प्रधान से लेकर क्षेत्रीय सचिव से भी कईं बार की जा चुकीं है। तमाम शिकायत के बाद भी कोई भी जिम्मेदार अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा रहा रहा है। जिसके कारण जहाँ ग्रामीणों में आक्रोश है वही बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है। ग्रामप्रधान सीता देवी ने बताया कि तालाब पर पुरी तरह से अतिक्रमण किया जा चुका है। जिसके कारण पानी गांव में प्रवेश होने से ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दिया जा चुका है। उनके निर्देश पर जल्द ही इसका निस्तारण कराया जाएगा।