गाजीपुर में सिरफिरे आशिक ने जयमाल स्टेज पर चढ़कर दुल्हन की मांग भरी, बैरंग लौटी बारात


प्रखर गाजीपुर। गाजीपुर जनपद में शादी में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया, जहां पर सभी लोग देखकर हक्का-बक्का रह गए। बता दे कि एक सिरफिरे आशिक ने जयमाल स्टेज पर चढ़कर दुल्हन की मांग में मुट्ठी भर सिंदूर भर दिया। जिसके बाद बरात वापस लौट गई। जानकारी के अनुसार मरदह थाना क्षेत्र के एक गांव की लड़की की बारात मंगलवार की रात बिरनो थाना क्षेत्र के और भवरहां गांव से आई थी। हंसी खुशी के माहौल में शादी की रस्में चल रही थी, दूल्हा-दुल्हन ने एक दूसरे को वरमाला डाल दिया। फिर दोनों पक्ष के लोग स्टेज पर जाकर आशीर्वाद दे रहे थे। इसी बीच एक युवक मुट्ठी भर सिंदूर लेकर स्टेज पर चढ़ गया और दुल्हन की मांग भर दिया। यह देखकर लोग अवाक रह गए, वही खुशी का माहौल शोर-शराबे में बदल गया और युवक को पकड़कर लोगों ने जमकर पिट दिया। मार खाने के बाद आशिक बेहोश हो गया। जिस पर पुलिस ने हिरासत में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उसको भर्ती कराया, जहां पर उसका इलाज जारी है। इस घटना के बाद दूल्हा पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया। सुबह तक लोगों ने समझाने का प्रयास किया लेकिन दूल्हे पक्ष के लोगों ने नहीं माना, लेन-देन की अदला बदली कर बारात बैरंग लौट गई। घटना के संबंध में थाना अध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि लड़की की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी रामाशीष राम के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई।